बिलासपुर
धारटटोह क्षेत्र की पालनगरियों में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भगत सिंह वर्मा ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ बड़े स्तर पर डोर-टू-डोर चुनावी अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, उनका आशीर्वाद लिया और क्षेत्र के विकास के लिए समर्थन मांगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने प्रत्याशी के सामने कई समस्याएं रखीं। लोगों ने विशेष रूप से क्षेत्र की गौशाला की बदहाल व्यवस्था, सफाई, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर चिंता जताई। इस पर भगत सिंह वर्मा ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो गौशाला की स्थिति सुधारना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि बरामाणा वार्ड लंबे समय से कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है और अब समय आ गया है कि विकास को नई दिशा दी जाए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि जनसेवा है और वह हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे।
अभियान के दौरान समर्थकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत किया और उन्हें समर्थन देने का भरोसा भी दिलाया। चुनावी माहौल के बीच यह जनसंपर्क अभियान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।