बिलासपुर
श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर देश की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं शीर्ष नेतृत्व को हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों एवं सुशासन पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा की लगातार बढ़ती स्वीकार्यता इस बात का प्रमाण है कि जनता अब विकास, पारदर्शिता और राष्ट्रहित की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।
रणधीर शर्मा ने विशेष रूप से असम और पांडिचेरी में मिली जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन राज्यों में भाजपा ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिन पर जनता ने पुनः विश्वास जताया है। पश्चिम बंगाल में भी भाजपा के बढ़ते जनाधार को उन्होंने लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की यह विजय कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और पार्टी की विचारधारा की जीत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भाजपा पूरे देश में और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी तथा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाएगी।
विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनता की सेवा में जुटे रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि इस विजय से यह सिद्ध हो गया है कि जनता का विश्वास पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी आगे भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी।