झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने पश्चिम बंगाल, असम और पुड्डुचेरी के विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को ऐतिहासिक करार देते हुए इसे राष्ट्रवाद की जीत कहा है।
उन्हानें कहा कि ‘चार मई-दीदी गई’ का नारा शुरू से ही गूंज रहा था। उस नारे के अनुरूप पश्चिम बंगाल में भाजपा ने जहां राष्ट्रविरोधी ताकतों का सूपड़ा साफ कर दिया, वहीं असम में जीत की हैट्रिक बनाने के साथ ही पुड्डुचेरी में भी दोबारा वापसी की है। इस शानदार जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ ही पार्टी के करोड़ों समर्पित, जुझारू और निष्ठावान कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।
जीतराम कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश तभी विकसित होगा, जब उसके सभी राज्य समृद्ध और खुशहाल होंगे। इसके मद्देनजर केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी राज्यों का विकास सुनिश्चित कर रही है। देश की जनता भी इस बात को बखूबी जान चुकी है। यही वजह है कि विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में लोग भाजपा को खुलकर आशीर्वाद दे रहे हैं। देश के 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकार इसका प्रमाण है। इस सूची में जल्द ही हिमाचल का नाम भी जुड़ने जा रहा है।
जीतराम कटवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा चुकी थी। आपराधिक मामले आम हो चुके थे। भाजपा के कई कार्यकर्ताओं की भी हत्या कर दी गई। भ्रष्टाचार चरम पर था। विपक्षी दल पिछले कई सालों से वहां फर्जी वोटरों के दम पर सत्ता हासिल करते रहेे। एसआईआर (विशेष गहन पुनर्निरीक्षण) के माध्यम से फर्जी वोटिंग पर नकेल कसी गई। पश्चिम बंगाल में शांति, खुशहाली और विकास के लिए वहां के लोगों ने खुलकर भाजपा का समर्थन किया है। हालांकि राष्ट्रविरोधी ताकतों ने कई हथकंडे अपनाए, लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ी। वहीं, असम में भाजपा और सहयोगी दलों ने जहां जीत की हैट्रिक बनाई है, वहीं पुड्डूचेरी में भी दोबारा शानदार वापसी की है। इतना ही नहीं, दक्षिण भारत में भी भाजपा अपना प्रभाव छोेड़ने में सफल रही है। यह इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए बेहद उत्साहित है।