बिलासपुर
बरठीं-शाहतलाई सड़क पर संगास्वी-2 गांव के समीप सड़क की हालत अत्यंत खराब हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी चिंता व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग इस गंभीर समस्या के प्रति मूकदर्शक बना हुआ है, जबकि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बुधवार को स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग बरठीं कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। पानी भरने और सड़क टूटने के कारण यहां से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है। इस मार्ग से राहगीरों, स्कूली बच्चों और अन्य लोगों का रोजाना आना-जाना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क के विस्तारीकरण का कार्य प्रस्तावित है, लेकिन इसमें लंबा समय लग सकता है। ऐसे में यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई और कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि संभावित हादसों को टाला जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

