बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में दर्ज एक चोरी के मामले में घोषित अपराधी महिला को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रही आरोपी शिवानी (27) पत्नी बृजेश महाजन, निवासी गांव डेलाग, डाकघर नसवाल, थाना एवं तहसील घुमारवीं, को पुलिस टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर-49 स्थित डयनासोर पार्क से दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना घुमारवीं में एफआईआर संख्या 201/2023 दिनांक 07-11-2023 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 454, 380, 414 और 34 के तहत मामला दर्ज था। मामले में लगातार गैरहाजिर रहने और गिरफ्तारी से बचने के चलते अदालत ने उसे 14-10-2025 को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) कोर्ट नंबर-2 घुमारवीं द्वारा घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) करार दिया था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी चंडीगढ़ में छिपी हुई है। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल पंकज कुमार, एचएचसी रवि कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार और महिला कांस्टेबल रजनी बाला शामिल थे। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 5 मई 2026 को शाम करीब 4:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब मामले में आगे की पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि फरारी के दौरान आरोपी किन-किन गतिविधियों में शामिल रही।
जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और किसी को भी कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने टीम की इस सफलता पर सराहना भी की