बिलासपुर
पंचायत चुनावों के दृष्टिगत विकास खंड सदर बिलासपुर में नियुक्त चुनाव ऑब्जर्वर ने शुक्रवार को विभिन्न चुनावी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चुनाव तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान ऑब्जर्वर ने चुनाव सामग्री की सुरक्षा के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, रिकॉर्ड संधारण तथा प्रवेश नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
ऑब्जर्वर ने कहा कि पंचायत चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि विकास खंड सदर बिलासपुर में अब तक कुल 1405 एनओसी जारी की जा चुकी हैं तथा चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।