बिलासपुर
नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के मद्देनजर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शुक्रवार को श्री नैना देवी जी उपमंडल के अंतर्गत स्वारघाट क्षेत्र में स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम, बीडीओ कार्यालय में स्थापित स्ट्रांग रूम तथा बीडीसी और जिला परिषद चुनावों से संबंधित स्ट्रांग रूम का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी चुनावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 मई को श्री नैना देवी जी नगर परिषद के चुनाव निर्धारित हैं, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 26, 28 और 30 मई को आयोजित किए जाएंगे। इन चुनावों को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी स्ट्रांग रूम की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी, निगरानी व्यवस्था एवं रिकॉर्ड संधारण संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।
इस अवसर पर एसडीएम श्री नैना देवी जी धर्मपाल, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।