सबसे युवा जिला परिषद प्रत्याशी के तौर पर क्षेत्र में चर्चा का विषय बने रोहित ठाकुर
बिलासपुर
जिला परिषद बरमाणा वार्ड से युवा प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने अपने जनसंपर्क अभियान को लगातार तेज करते हुए सोमवार को द्रोबड़ ग्राम पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी रोहित ठाकुर का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याओं को उनके समक्ष रखा। रोहित ठाकुर ने कहा कि वह केवल चुनाव लड़ने के उद्देश्य से जनता के बीच नहीं जा रहे हैं, बल्कि उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को नजदीक से समझना और लोगों की वास्तविक समस्याओं को जानना है। उन्होंने कहा कि बरमाणा वार्ड के हर गांव और पंचायत की अपनी अलग आवश्यकताएं हैं और इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वह प्रत्येक पंचायत के लिए अलग-अलग विकास विजन तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, युवाओं के लिए रोजगार और खेल सुविधाओं जैसी कई मूलभूत समस्याएं मौजूद हैं। यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वह इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करेंगे। रोहित ठाकुर ने कहा कि विकास केवल वादों से नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने से होता है और वह जनता के सहयोग से बरमाणा वार्ड को विकास की नई दिशा देना चाहते हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान रोहित ठाकुर ने लोगों से आगामी चुनाव में ढोलक चुनाव चिन्ह पर मोहर लगाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक प्रत्याशी का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और युवाओं की नई सोच का चुनाव है।
गौरतलब है कि रोहित ठाकुर इन दिनों बरमाणा वार्ड में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। सबसे कम उम्र के जिला परिषद प्रत्याशी होने के बावजूद उनका आत्मविश्वास, कार्यशैली और क्षेत्र के प्रति स्पष्ट विजन लोगों को प्रभावित कर रहा है। खासकर युवा वर्ग में उनके प्रति काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के लोग मानते हैं कि रोहित ठाकुर जमीन से जुड़े हुए प्रत्याशी हैं, जो जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान करने की क्षमता रखते हैं। द्रोबड़ पंचायत के दौरे के दौरान कई स्थानीय लोगों ने भी रोहित ठाकुर के समर्थन में अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र को युवा और ऊर्जावान नेतृत्व की आवश्यकता है, जो विकास कार्यों को गति दे सके। जनसंपर्क अभियान के दौरान जगह-जगह लोगों का समर्थन और उत्साह यह दर्शा रहा है कि इस बार बरमाणा वार्ड का चुनाव काफी रोचक होने वाला है।