बिलासपुर
बिलासपुर में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं की समस्या को लेकर समाजसेवी सुनील शर्मा का गुस्सा और दर्द उस समय खुलकर सामने आया, जब उन्होंने सड़क पर लेटकर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
सुनील शर्मा ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से निःशुल्क गौ सेवा और बेसहारा पशुओं की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार प्रशासन और सरकार के सामने सड़कों पर घूम रहे पशुओं को गोशालाओं में रखने की मांग उठाई गई, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बेसहारा पशुओं के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं, जबकि वाहन चालकों और राहगीरों की जान हर समय खतरे में बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने और पशुओं के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों ने भी समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर घूमते पशुओं के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों ने बताया कि बच्चों को स्कूल भेजते समय भी डर बना रहता है, क्योंकि अचानक पशु सड़क पर आ जाते हैं और हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
समाजसेवी सुनील शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी मांग की है कि बेसहारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विशेष योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में गोशालाओं को मजबूत किया जाए और सड़कों पर घूम रहे पशुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए ठोस नीति लागू की जाए।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस समस्या का समाधान नहीं किया तो आने वाले समय में बड़े हादसे हो सकते हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन से बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर भेजने और शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने की मांग की।
समाजसेवी सुनील शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।