बिलासपुर
जुखाला वार्ड नंबर-12 से भाजपा प्रत्याशी लेखराम ठाकुर ने वीरवार को विभिन्न गांवों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर चिंता व्यक्त की।
लेखराम ठाकुर ने कहा कि वार्ड में खराब रास्तों और सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा आवारा पशुओं की समस्या किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आवारा पशु किसानों की फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो सड़क, रास्तों और किसानों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। साथ ही आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी ठोस प्रयास किए जाएंगे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी भाजपा प्रत्याशी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। इस मौके पर उनके समर्थक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।