बिलासपुर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला बिलासपुर इकाई ने सरकाघाट में 19 वर्षीय सिया की निर्मम हत्या के विरोध में कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को बिलासपुर महाविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया।
यह धरना-प्रदर्शन इकाई अध्यक्ष देवारिया टाडु और इकाई उपाध्यक्ष शालू चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने सिया को न्याय दिलाने की मांग उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है और सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट की यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों को कड़ी सजा नहीं दी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रहा।