बिलासपुर
ग्राम पंचायत बल्ह-बल्हवाणा के पंचायत घर में शनिवार को माननीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में तीन जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देवभूमि युवक मंडल बल्ह-बल्हवाणा एवं क्रिकेट एसोसिएशन बिलासपुर (हि.प्र.) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर तथा नशा मुक्ति जागरूकता के लिए पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं करवाई गईं।
स्वास्थ्य जांच शिविर में करीब 100 लोगों ने स्वास्थ्य की जांच करवाई। वहीं रक्तदान शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 20 यूनिट रक्तदान किया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्धता में योगदान देने का संदेश दिया गया।
युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति विषय पर पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में युवा समाजसेवी बलबीर ठाकुर तथा मेरा युवा भारत, बिलासपुर के जिला युवा अधिकारी आशीष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत बल्ह-बल्हवाणा के प्रधान इंद्र पाल धीमान एवं उपप्रधान सतीश चंदेल ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रक्तदान के प्रति लोगों को प्रेरित करना तथा युवाओं को नशे से दूर रखना है।
देवभूमि युवक मंडल के प्रधान रिशांत केहलूरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्रिकेट एसोसिएशन बिलासपुर, मेरा युवा भारत, ग्राम पंचायत प्रधान इंद्र पाल धीमान, उपप्रधान सतीश चंदेल, स्वास्थ्य कर्मियों, रक्तदाताओं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ समाज, नशामुक्त युवा और मानवता की सेवा का संदेश दिया गया।