बिलासपुर
हिमकोफैड के नवनियुक्त निदेशक आशीष ठाकुर ने अपनी नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया है। शनिवार को बिलासपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को बिलासपुर में आभार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान गुरूद्वारा चौक से श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर तक भव्य आभार रैली निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से क्षेत्र की जनता का धन्यवाद किया जाएगा।
आशीष ठाकुर ने कहा कि जिला बिलासपुर में लगभग 800 से 900 सहकारी सभाएं (कोऑपरेटिव सोसाइटी) कार्यरत हैं। आने वाले समय में सभी सोसाइटियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।