आरजीडी बंद करने का जवाब निकाय चुनावों में मिलेगा: संदीप सांख्यान


बिलासपुर
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कॉर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने कहा है कि रेवन्यू डेफिसिट ग्रांट (आरजीडी) बंद करने का खामियाजा भाजपा को आने वाले स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भुगतना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के दोहरे मापदंडों को हिमाचल की जागरूक और पढ़ी-लिखी जनता भली-भांति समझ चुकी है।
संदीप सांख्यान ने कहा कि आरजीडी बंद होने से प्रदेश को प्रतिवर्ष करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होगा, जिससे जनता में रोष है। उन्होंने दावा किया कि इसका सीधा फायदा कांग्रेस को स्थानीय निकाय चुनावों में मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा आक्रोश रैलियों के माध्यम से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, लेकिन केंद्र सरकार का हिमाचल के प्रति नकारात्मक रवैया अब लोगों के सामने स्पष्ट हो चुका है।
सांख्यान ने कहा कि पांच वर्षों में प्रदेश को 40 से 50 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान होने का अंदेशा है, जिसे जनता भली-भांति समझ रही है। ऐसे में स्वाभाविक है कि इस मुद्दे पर जनता भाजपा के खिलाफ मतदान करेगी।
उन्होंने कहा कि भले ही स्थानीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं, लेकिन आरजीडी बंद होने की टीस हर हिमाचलवासी के मन में है, जिसका असर चुनाव परिणामों में देखने को मिलेगा।
संदीप सांख्यान ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा और केंद्र सरकार को करारा संदेश दें।

Comments

Popular posts from this blog

10 दिन में मिला 10 लाख का क्लेम: डाक विभाग ने हादसे के पीड़ित परिवार को दिया त्वरित सहारा

नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में इतिहास रचते हुए जीता गोल्ड मेडल, पहली बार चमका प्रदेश का नाम

छड़ोल डाकघर में बड़ा घोटाला: खातों में जमा हजारों रुपये गायब, डाक कर्मचारी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज