बिलासपुर
जिला बिलासपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र में आज एक बड़े धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाजसेवी एवं हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा की पहल पर महिलाओं को मां बंगलामुखी मंदिर और मां ज्वाला जी मंदिर के दर्शन के लिए ले जाया गया।
इस धार्मिक यात्रा के दौरान महिलाओं ने मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
यात्रा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए महिलाओं के आने-जाने के लिए विशेष वाहन व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही यात्रा के दौरान सभी महिलाओं के लिए भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी उचित व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महिला मंडलों की सदस्यों ने समाजसेवी सुनील शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में एकता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।