डिजिटल डाक व्यवस्था को बढ़ावा: बिलासपुर में ई-डिस्पैच मॉड्यूल पर प्रशिक्षण
बिलासपुर
जिला प्रशासन बिलासपुर कार्यालयी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित और कागजरहित बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत ई-डिस्पैच मॉड्यूल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के प्रातःकालीन सत्र की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर ने की, जिसमें उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। वहीं दोपहर के सत्र की अध्यक्षता सहायक आयुक्त राज कुमार ने की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-डिस्पैच मॉड्यूल के माध्यम से सरकारी डाक और आधिकारिक पत्राचार को डिजिटल माध्यम से भेजने तथा प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस प्रणाली के माध्यम से कार्यालयों के बीच डाक का आदान-प्रदान ऑनलाइन किया जा सकेगा, जिससे कार्यप्रणाली अधिक त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।
प्रशिक्षण ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर बिलासपुर अखिल कुमार द्वारा दिया गया। इसमें उपायुक्त कार्यालय के साथ-साथ उपमंडलाधिकारी कार्यालयों और खंड विकास अधिकारी कार्यालयों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भी ई-डिस्पैच मॉड्यूल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था के लागू होने से जिला स्तर से लेकर फील्ड कार्यालयों तक सरकारी डाक के आदान-प्रदान में लगने वाला समय कम होगा और पारंपरिक डाक प्रणाली पर होने वाला खर्च भी घटेगा।
उपायुक्त राहुल कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसी दिशा में ई-डिस्पैच मॉड्यूल को भी लागू किया जा रहा है, जिसे भविष्य में जिले के सभी कार्यालयों में विस्तार दिया जाएगा।
Comments
Post a Comment