बिलासपुर
एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने मंगलवार को एम्स बिलासपुर का दौरा किया। इस दौरान संस्थान पहुंचने पर एम्स बिलासपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह, एवीएसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर डीन अकादमिक डॉ. रुपाली परलेवार, डीन परीक्षा डॉ. अनुपम पराशर और डीन परीक्षा डॉ. निधि पुरी भी मौजूद रहीं।
दौरे के दौरान दोनों संस्थानों के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से संयुक्त शोध परियोजनाएं शुरू करने, चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के लिए छात्र विनिमय कार्यक्रम शुरू करने पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सहयोग से चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी तथा दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इसके अलावा विभिन्न एम्स संस्थानों के बीच मरीजों के रेफरल सिस्टम को और अधिक सुचारू बनाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर समन्वय के माध्यम से गंभीर मरीजों को समय पर और उचित संस्थान में उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
दौरे के अंत में एम्स बिलासपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश वर्मा ने प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह को अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण करवाया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को भी देखा और चिकित्सा सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने संस्थान के संकाय सदस्यों के साथ संवाद किया और चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के विषय में विचार साझा किए। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की यात्राएं और संवाद भविष्य में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
No comments:
Post a Comment