बिलासपुर:
जिला बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान जामली के पास एक कार से 3.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर थाना की पुलिस टीम राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़–मनाली (NH-205) पर जामली के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक ऑल्टो कार (नंबर HP 24B 9390) को शक के आधार पर जांच के लिए रोका गया। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार से 3.15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके पर ही तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंकज कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी गांव पलोग, डाकघर डगसेच, तहसील सदर (उम्र 30 वर्ष), पंकज कुमार पुत्र रूपलाल निवासी गांव तराबड़ी, डाकघर दयोथ, तहसील सदर (उम्र 27 वर्ष) तथा दिनेश कुमार पुत्र देवराज निवासी गांव तराबड़ी, डाकघर दयोथ, तहसील सदर (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे कहां सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।
जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आए दिन इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
मामले की पुष्टि संदीप धवल (एसपी बिलासपुर) ने की है।
No comments:
Post a Comment