महिला दिवस पर शाहतलाई में कार्यक्रम, गोल्ड मेडल विजेता पहलवान अपर्णिता सम्मानित
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव एवं झंडूता के कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की
बिलासपुर
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग झंडूता द्वारा शाहतलाई में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव एवं झंडूता के कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की। मुख्य अतिथि के पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विवेक कुमार ने अंडर-14 स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप में 50 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहलवान अपर्णिता को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने अपर्णिता की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विवेक कुमार ने कहा कि महिलाओं ने आज हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है, लेकिन उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अपर्णिता ने राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अन्य युवाओं से भी कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
उधर, बाल विकास परियोजना अधिकारी झंडूता ने भी अपर्णिता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाशाली बेटियां अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अपर्णिता को सम्मानित कर उसकी मेहनत और लगन को प्रोत्साहित किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि उन्हें इनका अधिक से अधिक लाभ मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अपर्णिता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य में भी देश व प्रदेश का नाम रोशन करने की कामना की।
Comments
Post a Comment