बिलासपुर
विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर जिला बिलासपुर में “100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0” का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से टीबी जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा चिन्हित क्षय रोगी वाहन को भी अभियान के तहत रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि क्षयरोग (टीबी) के उन्मूलन के लिए जनभागीदारी, समय पर जांच और नियमित उपचार बेहद जरूरी हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पिछले दो वर्षों में टीबी से ग्रसित व्यक्ति, टीबी मरीजों के पारिवारिक संपर्क, 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग, बीएमआई 18.5 से कम वाले व्यक्ति, धूम्रपान करने वाले, मधुमेह रोगी, उच्च जोखिम वाले गांवों के निवासी (जिले में 263 गांव चिन्हित), भीड़भाड़ वाले स्थानों में रहने वाले, जोखिम वाले कार्यस्थलों पर काम करने वाले तथा शराब का सेवन करने वाले लोगों सहित अन्य संवेदनशील समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिले में इस अभियान के अंतर्गत कुल 1,79,016 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। इसके आधार पर लगभग 537 संभावित टीबी मामलों की पहचान तथा 3,580 टीपीटी (टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट) मामलों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने जिला के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और टीबी मुक्त बिलासपुर के लक्ष्य को हासिल करने में सहयोग दें।
इस दौरान जीएनएम स्कूल की छात्राओं और प्रशिक्षण स्टाफ ने रैली के माध्यम से आमजन को टीबी के लक्षण, जांच और निःशुल्क उपचार के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनंत चैहान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।