सहकारिता विभाग के 72वें वार्षिक समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित
बिलासपुर,
कहलूर दुग्ध सहकारी सभा सीमित, नम्होल ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। सहकारिता विभाग, बिलासपुर द्वारा आयोजित 72वें वार्षिक समारोह में सभा को दुग्ध क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान मुख्य अतिथि माननीय श्री राजेश धर्माणी जी द्वारा प्रदान किया गया।
कहलूर दुग्ध सहकारी सभा लंबे समय से अपने सदस्यों से उच्च गुणवत्ता वाला दूध एकत्रित करने, उचित मूल्य उपलब्ध कराने और किसानों के आर्थिक व सामाजिक उत्थान में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है। किसानों की आय बढ़ाने, पशुपालन को प्रोत्साहन देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में सोसाइटी के कार्यों को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया है।
सम्मान ग्रहण करते हुए सभा के सचिव श्री अमित ठाकुर, कमेटी सदस्य श्री पीयूष ठाकुर और श्री राहुल ठाकुर उपस्थित रहे। समारोह में सहकारिता विभाग की ओर से श्री भास्कर कालिया (सहायक पंजीयक), श्रीमती कार्तिका ठाकुर तथा श्री अखिलेश वशिष्ठ (खंड निरीक्षक) भी उपस्थित रहे।
इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और किसान समुदाय ने सभा के इस महत्वपूर्ण सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
— विभागीय पुष्टिकरण: सहायक पंजीयक श्री भास्कर कालिया ने बताया कि कहलूर दुग्ध सहकारी सभा ने गुणवत्ता, पारदर्शिता और सेवा के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, इसलिए इसे यह सम्मान प्रदान किया गया है।