बिलासपुर
बिलासपुर पुलिस ने एक व्यक्ति के पास से 201 ग्राम चरस बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामला थाना बरमाणा क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम ने आरोपी को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोका और तलाशी लेने पर उसके पास से चरस बरामद हुई।
बुधवार रात 08:15 बजे पुलिस टीम अलसु ब्रिज के पास ट्रैफिक चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अरुण शर्मा (24) पुत्र रमेश दत्त, निवासी गांव शेर चिराज, डाकघर जोनाजी, तहसील सोलन, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश पैदल अलसु ब्रिज से बरमाणा की ओर आ रहा था। पुलिस को देखकर उसने अचानक पीछे मुड़कर तेजी से चलना शुरू कर दिया और अपनी जेब से एक लिफाफा निकालकर करीब 10 फीट दूर फेंक दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में लिफाफे की जांच की, जिसमें पारदर्शी पॉलीथिन में रखी 201 ग्राम काले रंग की ठोस सामग्री, जो चरस पाई गई, बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच एएसआई गणेश लाल, जांच अधिकारी थाना बरमाणा द्वारा की जा रही है।
डीएसपी मदन धीमान ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।