अपनी डिजाइन की पारंपरिक हिमाचली 'घाघरी ड्रेस' के लिए हासिल किया प्रथम स्थान, ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति और कला को आधुनिक फैशन के मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बिलासपुर की फैशन डिजाइनर एवं मेकअप आर्टिस्ट रीना ठाकुर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चंडीगढ़ में आयोजित प्रतिष्ठित 'चंडीगढ़ फैशन शो एंड क्राउन अवार्ड्स शो' में रीना ठाकुर को उनके उत्कृष्ट डिजाइनिंग कार्य के लिए 'बेस्ट फैशन डिजाइनर अवार्ड' से सम्मानित किया गया। उन्होंने अपनी डिजाइन की हुई पारंपरिक हिमाचली 'घाघरी ड्रेस' के दम पर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर बिलासपुर और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया।
बिलासपुर में AIFD इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिजाइनिंग की संचालिका रीना ठाकुर ने इस राष्ट्रीय स्तर के फैशन मंच पर अपनी रचनात्मकता और डिजाइनिंग प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनके द्वारा तैयार की गई पारंपरिक घाघरी ड्रेस को रैंप पर प्रदर्शित किया गया, जिसे जजों और दर्शकों ने खूब सराहा। पारंपरिक हिमाचली परिधान को आधुनिक फैशन के साथ जोड़ने की उनकी अनूठी पहल को प्रतियोगिता में विशेष पहचान मिली।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार हासिल करने पर आयोजक मुबारका इवेंट्स की ओर से रीना ठाकुर को ट्रॉफी और 'बेस्ट फैशन डिजाइनर' के खिताब से सम्मानित किया गया।
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए रीना ठाकुर ने कहा कि यह पुरस्कार उनकी मेहनत, लगन और हिमाचली संस्कृति को आधुनिक फैशन जगत में पहचान दिलाने के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि प्रदेश की पारंपरिक वेशभूषा और कला को बड़े मंचों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर स्थित उनका संस्थान AIFD इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिजाइनिंग युवाओं को फैशन डिजाइनिंग और ब्यूटी इंडस्ट्री के क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
रीना ठाकुर की इस उपलब्धि से बिलासपुर जिले सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। उनकी सफलता को स्थानीय प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।