बिलासपुर में एसटीएफ का बड़ा शिकंजा, नाकाबंदी के दौरान 685 ग्राम चरस के साथ तीन आरोपी दबोचे
बिलासपुर
जिला बिलासपुर में एसटीएफ टीम ने मंगलवार को बलोह के समीप मलयावर लिंक रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 40 से 45 वाहनों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक निजी कार से 685 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने मामले में कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान खीमी राम (26) पुत्र राम चंद, दौलत राम (25) पुत्र शेष राम तथा गिरधारी लाल (26) पुत्र लक्ष्मण, निवासी वार्ड नंबर-1, गांव जन्ना, डाकघर आर्छांडी, तहसील एवं जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
तीनों आरोपी अपनी निजी कार में सवार होकर जा रहे थे। बरामद चरस को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना घुमारवीं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसटीएफ टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान यह सफलता हासिल की गई है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।