बिलासपुर
बरमाणा वार्ड से जिला परिषद प्रत्याशी अधिवक्ता भगत सिंह वर्मा ने कहा है कि वार्ड के लोग आज भी कई मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में सड़क, पेयजल व अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
रविवार को अधिवक्ता भगत सिंह वर्मा ने जिला परिषद वार्ड के तहत ग्राम पंचायत नोग के गांव कुडानी सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से समर्थन और आशीर्वाद मांगा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं।
उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को बेहतर लिंक रोड सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।
भगत सिंह वर्मा ने कहा कि वह घर-घर जाकर लोगों से मिल रहे हैं और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी जुटा रहे हैं, ताकि भविष्य में उनका स्थायी समाधान किया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें अपना आशीर्वाद और समर्थन प्रदान करें।