बिलासपुर
जिला परिषद जांगला वार्ड नंबर आठ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अनुप महाजन अपने विजन और विकास के एजेंडे को लेकर लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर उन्होंने जनसंपर्क अभियान को नई दिशा दी है।
रविवार को अनुप महाजन ने ग्राम पंचायत समोह के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। इस दौरान वह अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ पिंघू, समोह, टांडा सहित अन्य गांवों में पहुंचे। उन्होंने डोर-टू-डोर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने चुनाव चिन्ह ताला-चाबी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
गांवों में लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से भी अवगत करवाया। लोगों को संबोधित करते हुए अनुप महाजन ने कहा कि जांगला वार्ड का विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है तथा यदि जनता उन्हें मौका देती है तो इन मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं को लेकर भी अपना विजन स्पष्ट करते हुए कहा कि आज का युवा सही दिशा और अवसर चाहता है। युवाओं को रोजगार और खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए विशेष योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकें।
अनुप महाजन ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसे रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे और युवाओं को खेल, शिक्षा व सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं की आवाज को जिला परिषद में मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जांगला वार्ड को विकास की नई दिशा देना है। क्षेत्र के हर गांव तक विकास पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है। ऐसे में उनका चुनावी अभियान अब पूरी तरह गति पकड़ चुका है और वह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से समर्थन मांग रहे हैं।