बिलासपुर
डॉ. मल्लिका नड्डा को Special Olympics International की अंतरराष्ट्रीय सलाहकार परिषद (International Advisory Council) का सदस्य चुना गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके समर्पित नेतृत्व और सामाजिक सेवा का सम्मान है, बल्कि हिमाचल प्रदेश और पूरे देश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
वर्तमान में डॉ. नड्डा Special Olympics Bharat की अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वह Special Olympics Asia Pacific Advisory Council की चेयरपर्सन के रूप में भी कार्यरत हैं, जहां वे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में समावेश, खेल विकास और खिलाड़ियों के सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही हैं।
डॉ. मल्लिका नड्डा पिछले करीब 35 वर्षों से सामाजिक सेवा, समावेशी विकास और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने समाज के वंचित और दिव्यांग वर्ग के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उनके नेतृत्व में स्पेशल ओलंपिक्स भारत के माध्यम से हजारों खिलाड़ियों को खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक समावेश के अवसर प्राप्त हुए हैं। जब वह Special Olympics Bharat हिमाचल प्रदेश की अध्यक्ष थीं, तब उन्होंने देश में स्पेशल ओलंपिक्स शीतकालीन खेलों की शुरुआत कर एक नई पहल की, जो खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक साबित हुई।
हाल ही में भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
डॉ. नड्डा के अंतरराष्ट्रीय सलाहकार परिषद में चयन से उम्मीद जताई जा रही है कि भारतीय दिव्यांग खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर और अधिक अवसर मिलेंगे। खेल जगत, सामाजिक संगठनों और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
इस अवसर पर डॉ. मल्लिका नड्डा ने इस सम्मान का श्रेय अपनी टीम, सहयोगियों और खिलाड़ियों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक समर्पण, मेहनत और सेवा भावना का परिणाम है।