बिलासपुर
जिला परिषद बरमाणा वार्ड से युवा प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने वीरवार को ग्राम पंचायत पंजगाई में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पंचायत के विभिन्न गांवों और घरों में पहुंचकर लोगों से समर्थन और आशीर्वाद मांगा। जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वह बरमाणा वार्ड के अंतर्गत आने वाली लगभग सभी पंचायतों का दौरा कर चुके हैं और हर पंचायत में उन्हें जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का यह समर्थन और विश्वास उन्हें और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह पहली बार जिला परिषद बरमाणा वार्ड से चुनावी मैदान में उतरे हैं और जनता से उन्हें भरपूर प्यार, सहयोग और आशीर्वाद मिल रहा है। जनसंपर्क के दौरान उन्हें क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को नजदीक से समझने का अवसर मिला है। लोगों ने सड़क, पेयजल, स्वच्छता, युवाओं के लिए रोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि यदि जनता उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनती है तो वह क्षेत्र की प्रत्येक समस्या को प्राथमिकता के आधार पर प्रशासन और संबंधित विभागों तक पहुंचाएंगे तथा उनके समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य राजनीति नहीं बल्कि समाज सेवा है और वह क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना चाहते हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान पंचायत के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कई स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र को एक युवा और सक्रिय नेतृत्व की आवश्यकता है, जो लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए कार्य करे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय युवा भी मौजूद रहे।