बिलासपुर
पश्चिम बंगाल, असम और पुड्डूचेरी में भाजपा की जीत की खुशी में सोमवार को जिला बिलासपुर में जश्न का माहौल रहा। जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में सदर मंडल भाजपा द्वारा मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई और आतिशबाजी की गई।
सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विजय उद्घोष लगाए। इस दौरान उन्होंने इसे राष्ट्रवाद की जीत करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में वहां वाम दलों और तृणमूल कांग्रेस के शासन में कानून व्यवस्था बिगड़ी रही और भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनर्निरीक्षण के जरिए फर्जी मतदान पर रोक लगाई गई, जिसके चलते जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली से जनता संतुष्ट है और यही कारण है कि विभिन्न राज्यों में भाजपा को लगातार समर्थन मिल रहा है। जमवाल ने बताया कि असम में भाजपा और सहयोगी दलों ने लगातार तीसरी बार बहुमत हासिल किया है, जबकि पुड्डूचेरी में दूसरी बार सत्ता में वापसी की है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश में और मजबूती से आगे बढ़ेगी।