शिमला
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा के शिमला स्थित भाजपा मुख्यालय दीपकमल पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा ने उनका अभिनंदन किया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
बैठक में आगामी पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर मंथन हुआ। भाजपा प्रदेश प्रभारी का यह दौरा आगामी चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर श्रीकांत शर्मा ने पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भाजपा की जीत को लोकतंत्र, राष्ट्रवाद और सुशासन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।
वहीं, बिहारी लाल शर्मा ने कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हर चुनावी हार के बाद ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अपनी हताशा और निराशा जाहिर करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव विचारधारा और जनसमर्थन के आधार पर लड़े जाते हैं, न कि संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करके।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जीत होने पर चुप रहती है, लेकिन हारने पर ईवीएम को दोष देती है, जिससे उसका दोहरा चरित्र उजागर होता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस की सरकारें भी इसी चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से बनी हैं।
बिहारी लाल शर्मा ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और पार्टी आत्ममंथन करने को तैयार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यदि यही स्थिति रही तो कांग्रेस भविष्य में हार का “शतक” पूरा कर सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार से जनता निराश है, विकास कार्य प्रभावित हुए हैं तथा बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले स्थानीय चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन मिलेगा और कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।