बिलासपुर
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व मीडिया कॉर्डिनेटर संदीप सांख्यान ने इसे आम जनता की जेब पर सीधा डाका करार दिया है।
संदीप सांख्यान ने कहा कि चुनावी लाभ के लिए काम कर रही केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल चुनावों के तुरंत बाद गैस के दामों में अचानक करीब एक हजार रुपये की बढ़ोतरी कर देशवासियों को “तोहफा” दिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से महंगाई और बढ़ेगी तथा छोटे कारोबारियों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि ढाबे, रेहड़ी-फड़ी और ठेले पर खाने-पीने का सामान बेचने वाले लाखों लोग कमर्शियल गैस पर निर्भर हैं। गैस महंगी होने से इनका काम प्रभावित होगा और इसका सीधा बोझ आम उपभोक्ता पर पड़ेगा, जिससे लोगों को रोजमर्रा की चीजें महंगी मिलेंगी।
सांख्यान ने कहा कि सरकार जनता को रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर भ्रमित कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कई लोग मजबूरी में लकड़ी के चूल्हों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस छोटे स्वरोजगारियों के लिए एकमात्र सहारा थी, जो अब महंगी हो गई है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए आने वाले समय में डीजल, पेट्रोल और घरेलू गैस के दाम भी बढ़ सकते हैं। इससे रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम और बढ़ेंगे और आम आदमी का जीवन और कठिन हो जाएगा।
अंत में संदीप सांख्यान ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता अब इसकी वास्तविकता को समझ चुकी है।