बिलासपुर
जिला बिलासपुर के सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सदर विकासखंड में पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है।
खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपने नाम वापस ले सकेंगे, जिसके पश्चात चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विकासखंड में मतदान तीन चरणों में संपन्न कराया जाएगा। 26, 28 और 30 मई को मतदान होगा। सदर विकासखंड की 49 पंचायतों में कुल 311 वार्ड हैं, जबकि बीडीसी के लिए 25 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा चार जिला परिषद वार्ड—बामटा, बरमाना, जुखाला और नम्होल—भी इसी विकासखंड के अंतर्गत आते हैं।
मतदान कार्यक्रम के अनुसार 26 मई को 17 पंचायतों, 28 मई को 17 पंचायतों और 30 मई को शेष 15 पंचायतों में मतदान होगा।
प्रशासन की तैयारियों पर जानकारी देते हुए खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। एआरओ की पहली रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है और कंप्यूटर व मैनुअल दोनों स्तरों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अंत में उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की, ताकि निष्पक्ष एवं सफल चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।