बिलासपुर
जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन जिला परिषद और पंचायत समितियों के विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए कुल 20 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं पंचायत समितियों के लिए कुल 115 नामांकन प्राप्त हुए हैं। इनमें घुमारवीं पंचायत समिति के लिए 48, झंडूता पंचायत समिति के लिए 34, श्री नैना देवी जी पंचायत समिति के लिए 11 तथा सदर पंचायत समिति के लिए 22 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर भी विभिन्न पदों के लिए बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल हुए हैं। सदर विकास खंड में प्रधान पद के लिए 88, उप-प्रधान के लिए 68 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 172 उम्मीदवारों ने नामांकन भरे। घुमारवीं विकास खंड में प्रधान पद के लिए 93, उप-प्रधान के लिए 105 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 269 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए।
इसी प्रकार झंडूता विकास खंड में प्रधान पद के लिए 91, उप-प्रधान के लिए 82 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 199 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। वहीं श्री नैना देवी जी विकास खंड में प्रधान पद के लिए 45, उप-प्रधान के लिए 29 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 83 उम्मीदवारों ने नामांकन प्रस्तुत किए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि 8 और 11 मई को भी संबंधित कार्यालयों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी, जबकि 14 और 15 मई को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 और 30 मई को संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा।