बिलासपुर
हिमकोफेड निदेशक आशीष ठाकुर ने बिलासपुर में व्यापार और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि फोरलेन दूसरी ओर से गुजरने के बाद स्थानीय व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ा है और व्यापार में काफी कमी आई है, जिससे शहर के व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आशीष ठाकुर ने सुझाव दिया कि बिलासपुर शहर के दो किलोमीटर के दायरे में कोई बड़ा संस्थान स्थापित किया जाना चाहिए, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने लूहनू खेल मैदान के विस्तार की भी बात उठाई। उनका कहना है कि यदि लूहनू मैदान को सतलुज नदी के किनारे से ऊपर तक एकीकृत कर विकसित किया जाए, तो यह एक बड़ा और आधुनिक खेल मैदान बन सकता है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि खेलों के विकास में पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर का बिलासपुर के लिए महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा इसी दिशा में जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और बिलासपुर में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने की मांग उठाई जाएगी। ताकि रोजगार के साधन बढ़ सके और युवाओं को नशे से बचाया जा सके।
No comments:
Post a Comment