बिलासपुर
कृष्ण चंदेल ने देर रात डीजे बजने के मामले को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी से जुड़े एक पदाधिकारी के रिश्तेदार के शादी समारोह में बिलासपुर के ऑडिटोरियम में रात 12 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजाया गया, जिससे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और ध्वनि प्रदूषण नियमों की अनदेखी हुई, लेकिन पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।
उन्होंने कहा कि आम जनता द्वारा निर्धारित समय के बाद लाउडस्पीकर या डीजे बजाने पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई करता है, जबकि कांग्रेस नेताओं से जुड़े कार्यक्रमों में नियमों को ताक पर रख दिया जाता है। इसे उन्होंने दोहरा मापदंड बताते हुए कानून व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया।
कृष्ण चंदेल ने कहा कि जब सत्ता से जुड़े लोगों के कार्यक्रमों में कानून का उल्लंघन हो और प्रशासन चुप रहे, तो इससे यह संदेश जाता है कि प्रदेश में कानून सबके लिए समान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नियम केवल आम लोगों और छोटे आयोजकों के लिए ही हैं।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि कानून का सम्मान बना रहे और भविष्य में राजनीतिक संरक्षण के आधार पर नियमों का उल्लंघन न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे मामलों को लगातार उठाती रहेगी और जनता की आवाज बनकर पक्षपातपूर्ण कार्यशैली का विरोध करेगी।
No comments:
Post a Comment