हिमाचल दिवस पर बिलासपुर में भव्य समारोह, स्वास्थ्य मंत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

15 अप्रैल 1948 को प्रदेश का गठन 30 रियासतों के विलय से हुआ, जो प्रदेश के इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है



बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परिसर में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री धनीराम शांडिल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, वनमित्र व एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।


समारोह से पूर्व मंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में आकर्षण जोड़ा।
अपने संबोधन में डॉ. शांडिल ने हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अप्रैल 1948 को प्रदेश का गठन 30 रियासतों के विलय से हुआ, जो प्रदेश के इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है। उन्होंने हिमाचल के निर्माण में योगदान देने वाले प्रजामंडल आंदोलन के नायकों और सभी महान विभूतियों को नमन किया।

उन्होंने जिला बिलासपुर के वीर योद्धाओं का उल्लेख करते हुए विक्टोरिया क्रॉस विजेता भंडारी राम को याद किया और बताया कि जिले के सैनिकों ने अनेक वीरता पुरस्कार हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि को 20 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और पुरानी मशीनों को बदलने पर लगभग 3 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शिमला, टांडा, नेरचौक सहित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में शुरू की जा चुकी है।


 विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत अनाथ बच्चों को शिक्षा, रोजगार और आवास जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला सम्मान निधि और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से हजारों लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, फसलों के समर्थन मूल्य तय करने और किसान आयोग के गठन जैसी पहल का भी उल्लेख किया गया। इसके अलावा ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान और युवाओं को खेलों से जोड़ने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया।
समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

“चेस्टर हिल से छात्रा हत्याकांड तक—कांग्रेस राज में ‘हिमाचल ऑन सेल’, कानून व्यवस्था ध्वस्त: डॉ. बिंदल

“छह लाख आय वाला खरीदे करोड़ों की जमीन, श्मशान में बैठा आरोपी—यह है कांग्रेस का ‘व्यवस्था पतन मॉडल’” पालमपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष...