बिलासपुर
जिला बिलासपुर के नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कल्लर के गांव डाबर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार संदीप चौधरी के घर पर घटना के समय कोई भी मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और पूरी वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी संदीप चौधरी ने फोन के माध्यम से पंचायत के पूर्व उपप्रधान दीपक ठाकुर को दी, जिसके बाद तुरंत सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की जांच टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा हर पहलू को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
जब संदीप चौधरी घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के सभी दरवाजों के ताले तोड़े गए थे और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से करीब एक लाख रुपये नकद के साथ-साथ कांसे के बर्तन—6 थालियां, 6 गिलास, 6 कटोरियां, 3 परात और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
घर में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे, लेकिन चोरों ने बेहद शातिर तरीके से डीवीआर ही उखाड़कर अपने साथ ले गए, जिससे वारदात के अहम सबूत भी उनके हाथ लग गए और पुलिस के लिए जांच चुनौतीपूर्ण बन गई है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पुलिस क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखने की बात भी कह रही है।
No comments:
Post a Comment