बिलासपुर।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया, जब शहर के रौड़ा सेक्टर निवासी नन्हे बालक अद्वित सुहील ने अपनी असाधारण प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विश्व स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। अद्वित ने मात्र 1 मिनट 4 सेकंड में 195 देशों के झंडों की सटीक पहचान कर उनके नाम बताकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
यह उल्लेखनीय उपलब्धि चेन्नई में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान हासिल की गई, जहां अद्वित के प्रदर्शन ने सभी को हैरान कर दिया। उनकी इस उपलब्धि को कलाम वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा मान्यता देते हुए उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह रिकॉर्ड 21 अप्रैल को आधिकारिक रूप से दर्ज किया गया।
कम उम्र में इस तरह की उपलब्धि हासिल करना अद्वित की असाधारण स्मरण शक्ति, तेज़ सीखने की क्षमता और कड़ी मेहनत को दर्शाता है। वर्तमान में अद्वित ओमान में तीसरी कक्षा के छात्र हैं, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए उन्होंने अपने गृह जिला बिलासपुर का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।
परिवार का सहयोग और निरंतर अभ्यास अद्वित की सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा है। उनके माता-पिता मोनिका सुहील और नीरज सुहील ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बच्चे की रुचि को पहचानकर उसे सही दिशा में मार्गदर्शन दिया गया। वहीं उनके दादा अश्वनी सुहील, जो सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता हैं, ने भी इस उपलब्धि पर गर्व जताया।
अद्वित की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग इसे जिले के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि मान रहे हैं।