बिलासपुर, 24 फरवरी।
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यवसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 का आयोजन समावेशी सोच और व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा। वह मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नलवाड़ी मेला जिला बिलासपुर का सबसे बड़ा आयोजन है और इसे केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों या दंगल तक सीमित न रखकर समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस बार मेले को युवा प्रतिभाओं, साहित्य, रंगमंच, खेल और साहसिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
मंत्री ने बताया कि जिला की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए “वॉइस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त नलवाड़ी नाट्य उत्सव और नलवाड़ी लिटरेचर फेस्टिवल का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि साहित्यकारों और रंगकर्मियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले।
खेल गतिविधियों के तहत कबड्डी, हैंडबॉल, शतरंज, एथलेटिक्स और बैडमिंटन की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, पैराग्लाइडिंग और जलक्रीड़ा जैसी साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे मेले में रोमांच और आकर्षण बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष नलवाड़ी मेले का आधिकारिक लोगो डिजाइन करने के लिए स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। चयनित प्रतिभागी को सम्मानित किया जाएगा।
राजेश धर्माणी ने निर्देश दिए कि मेले में अनाथ, विधवा एवं दिव्यांगजनों को रियायती दरों पर स्टॉल उपलब्ध करवाए जाएं। साथ ही प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनियों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल सके।
बैठक में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित