शिमला
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “संकल्प से सिद्धि तक” कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
नंदा ने कहा कि “9 जून 2025 को मोदी सरकार के 11 साल पूरे हो रहे हैं, जिसे ‘विकसित भारत का अमृतकाल – सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा पूरे देश और प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी।”
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 9 जून से 9 जुलाई तक "बदलता भारत" नाम से डिजिटल प्रतियोगिता चलाई जाएगी। साथ ही, 10 जून से 20 जून तक "विकसित भारत संकल्प सभाएं" आयोजित होंगी। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, और 25 जून को आपातकाल के 50 वर्ष की स्मृति में कार्यक्रम होंगे।
इसके अलावा, 29 जून को प्रधानमंत्री मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को विशेष रूप से जनसंपर्क माध्यम बनाया जाएगा। अभियान में बूथ चौपाल, पंच प्राण प्रतिज्ञा संकल्प, आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को जोड़ने जैसे सामाजिक कार्यक्रम भी शामिल रहेंगे।
नंदा ने जानकारी दी कि “भाजपा ने प्रदेश के 8009 बूथों पर 11-11 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है, जिससे कुल एक लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे।” महासू जिला के लिए लक्ष्य 8008 से अधिक पौधों का है, जिसमें ठियोग विधानसभा क्षेत्र में 162, रामपुर में 156, जुब्बल-कोटखाई में 133, चौपाल में 152 और रोहड़ू में 125 बूथों पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा “हर कार्यकर्ता के लिए काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता” की नीति पर चलते हुए इस अभियान को सफल बनाएगी।