बिलासपुर
जिला बिलासपुर की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सुरंग नंबर-2 के पास 55.6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। टीम ने मौके से पंजाब के फिरोजपुर कैंट निवासी अर्मान (23) पुत्र बाबू लाल को गिरफ्तार किया।
आरोपी लंबे समय से हिमाचल और पंजाब में नशे की तस्करी में सक्रिय था। गुप्त सूचना के आधार पर एचसी अशु वर्मा (नंबर 50) के नेतृत्व में विशेष डिटेक्शन टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा।
डीएसपी मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ स्वारघाट थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उसके नेटवर्क में जुड़े अन्य तस्करों पर भी कार्रवाई होगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी चिट्टे की एक बड़ी खेप पंजाब ले जाने की फिराक में था। समय रहते पुलिस ने कार्रवाई कर नशे की इस बड़ी सप्लाई को नाकाम कर दिया।
पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का संकल्प दोहराया है।