चांदपुर की ठाकुर कुश्ती अकादमी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अकादमी के उभरते हुए पहलवान अर्पित का चयन हिमाचल प्रदेश पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से हो गया है। यह न सिर्फ अकादमी बल्कि क्षेत्र के लिए भी गर्व का क्षण है।
महज चार वर्षों में अर्पित ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके साथ ही नलवाड़ी बिलासपुर, ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में भी कई मिट्टी के दंगलों में खिताब अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवा पहलवानों में भी जोश भर गया है।
अंतर्राष्ट्रीय पहलवान विवेक ठाकुर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि "अर्पित की मेहनत, समर्पण और जज्बा काबिल-ए-तारीफ है। यह सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीत है। हमारी अकादमी के और भी पहलवान भविष्य में बड़े स्तर पर नाम रोशन करेंगे।"
परिवार और प्रशिक्षकों ने भी अर्पित की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि उनका यह सफर बाकी युवा पहलवानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। अर्पित का अगला लक्ष्य अब राष्ट्रीय पुलिस खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर और ऊंचाइयों को छूना है।