बिलासपुर
श्री नयना देवी के विधायक रणधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार पर भाजपा विधायकों के क्षेत्रों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जानबूझकर भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं कर रही है, जिससे जनता को परेशानी हो रही है।
बुधवार को बिलासपुर के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में रणधीर शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों से भाजपा विधायकों के प्राथमिकता वाले कार्यों को नाबार्ड से मंजूरी नहीं मिल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों की सड़कों और जल शक्ति विभाग की योजनाओं की डीपीआर लंबे समय से अटकी पड़ी हैं, जबकि कांग्रेस विधायकों की बाद में भेजी गई डीपीआर को भी मंजूरी मिल रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो भाजपा सख्त आंदोलन करेगी और सरकार के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।