बिलासपुर
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरमाणा पुलिस ने एक युवक को चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा है। पुलिस ने गश्त के दौरान संदेह के आधार पर युवक को रोका, लेकिन पुलिस को देखते ही वह घबराने लगा। शक बढ़ने पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 2.46 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गश्त के दौरान पकड़ा युवक
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विशाल कुमार (27) पुत्र अजीत कुमार, निवासी खटेर, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बरामद किए गए नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस कर रही है गहन जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करने वाला था। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
गौरतलब है कि पुलिस नशे के खिलाफ सख्ती से अभियान चला रही है और लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि नशा माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
इस मामले की पुष्टि एएसपी शिव चौधरी ने की है।