बिलासपुर।
जिला बिलासपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 41.66 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र धर्मपाल (48), निवासी गांव राजलुगड़ी, डाकघर गनौर, थाना गनौर, जिला सोनीपत (हरियाणा), अनिल राठी पुत्र जसपाल सिंह (30), निवासी गांव राजलुगड़ी, डाकघर गनौर, थाना गनौर, जिला सोनीपत (हरियाणा), नीरत सिंह पुत्र हीरु राम (41), निवासी गांव लपाह, डाकघर मदाना, जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश), सुनील कुमार पुत्र बाबूराम (39), निवासी गांव नैहर हरनोडा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर, अभिषेक कुमार पुत्र विजय कुमार (20), निवासी गांव दरबाथू, डाकघर लुहारा, तहसील बल्ह, जिला मंडी, तथा गोपाल सिंह चौहान पुत्र अनंत राम (31), निवासी गांव पटयाणी, डाकघर बरीखमणी, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि नशीला पदार्थ किस स्रोत से प्राप्त किया गया, इसका गंतव्य क्या था तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ से नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
जिला पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे ताकि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी है। उन्होंने कहा कि "नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। जो भी व्यक्ति नशे के कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
एसपी ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।