बिलासपुर
नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के बीच बरमाणा जिला परिषद वार्ड से युवा नेता रोहित ठाकुर ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में दमदार एंट्री की। रोहित ठाकुर अपने समर्थकों और क्षेत्र के दर्जनों लोगों के साथ एसडीएम कार्यालय बिलासपुर पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और कार्यालय परिसर चुनावी नारों से गूंज उठा।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में रोहित ठाकुर ने कहा कि वह केवल चुनावी समय में जनता के बीच आने वाले नेताओं में से नहीं हैं, बल्कि लंबे समय से क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरमाणा वार्ड के गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण और खेल सुविधाओं जैसे मुद्दों पर वह लगातार जनता के साथ जुड़े रहे हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि जिला परिषद चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं बल्कि व्यक्ति की छवि, कार्यशैली और जनता के विश्वास के आधार पर लड़े जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने बताया कि बरमाणा वार्ड के समग्र विकास के लिए वह जल्द ही 20 बिंदुओं पर आधारित विजन डॉक्यूमेंट जारी करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस विजन डॉक्यूमेंट में सड़क सुविधाओं का विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करना, युवाओं के लिए खेल मैदान एवं रोजगार के अवसर बढ़ाना, महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं, किसानों और बागवानों के हितों की रक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, डिजिटल सुविधाओं का विकास तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे अहम मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।
रोहित ठाकुर ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वह बरमाणा वार्ड को विकास के मॉडल के रूप में स्थापित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा और जनता की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि रोहित ठाकुर वर्तमान में भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संगठन में सक्रिय भूमिका के कारण युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। वहीं, नामांकन के दौरान समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर उनका उत्साहवर्धन किया।