बिलासपुर
जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत द्रोबड़, सोलग जुरासी व बागी बिनौला में नारी शक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा नेता एवं समाजसेवी रोहित ठाकुर ने की, जो बरमाणा जिला परिषद वार्ड से अपनी दावेदारी पहले ही जता चुके हैं और इन दिनों क्षेत्र में सक्रिय रूप से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
इस अवसर पर रोहित ठाकुर ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समाज की प्रगति की आधारशिला बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। इसी उद्देश्य के तहत वे बरमाणा वार्ड की प्रत्येक पंचायत में नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित कर रहे हैं, ताकि महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि वे वार्ड की लगभग सभी पंचायतों का दौरा कर चुके हैं और लोगों की समस्याओं को करीब से समझा है। जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करवाना और उन्हें प्रशासन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान महिला मंडलों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। महिलाओं ने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को खुलकर रखा, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। इस पहल से महिलाओं में उत्साह और विश्वास देखने को मिला।
समारोह के अंत में रोहित ठाकुर द्वारा महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। तीनों पंचायतों में आयोजित इस कार्यक्रम को महिलाओं की भारी भागीदारी के साथ सफल बनाया गया।
No comments:
Post a Comment