वन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने रात्रि गश्त के दौरान दबोचे आरोपी, पिकअप सहित खैर के 5 लॉग बरामद
बिलासपुर
स्वारघाट वन परिक्षेत्र के जकातखाना बीट (डीपीएफ सी-5 चाब) में खैर के पेड़ों के अवैध कटान के मामले में वन विभाग और पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीम ने 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार वन खंड अधिकारी कृष्ण कुमार, वन रक्षक राहुल कुमार और वन कर्मी राजेश कुमार रात्रि गश्त पर जकातखाना से बनेर की ओर निकले थे। रात करीब डेढ़ बजे नटनीघाड के पास सड़क किनारे एक पिकअप वाहन (एचपी 69-3174) संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जिसके पास खैर के दो लॉग पड़े थे।
शक होने पर टीम ने जंगल में तलाशी ली, जहां एक युवक मनीष कुमार पेड़ के पीछे छिपा मिला, जबकि उसके अन्य साथी मौके से भाग गए। टीम ने मनीष कुमार को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत उच्च अधिकारियों व स्वारघाट पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही बीओ मान चंद धीमान, चैक पोस्ट स्वारघाट के बीओ राकेश चौधरी तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागे तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार (35) निवासी लखनपुर, संतोष कुमार (39) निवासी कल्लर, परमजीत ठाकुर (35) निवासी कुटैहला और जसपाल (38) निवासी तुन्नू के रूप में हुई है। सभी आरोपी जिला बिलासपुर के रहने वाले हैं।
टीम ने मौके से पिकअप वाहन, खैर के 5 लॉग और एक लोहे का आरा बरामद कर कब्जे में लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना स्वारघाट में बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) और इंडियन फॉरेस्ट एक्ट की धारा 41, 42 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन विभाग को लगातार अवैध कटान की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते विशेष टीम गठित कर रात्रि गश्त बढ़ाई गई थी। इसी अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई है।
मामले की पुष्टि बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने की है।
No comments:
Post a Comment