बिलासपुर जिले में अकेले 150 करोड़ का हुआ नुकसान, केंद्र-प्रदेश सरकारें हालात पर गंभीर
बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। पहाड़ों की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अब हल्की बारिश से भी जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। कई इलाकों में बादल फटने से भारी नुकसान दर्ज किया गया है।
राज्यपाल ने बताया कि अब तक पूरे प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। अकेले बिलासपुर जिले में 150 करोड़ रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार दोनों ही गंभीर हैं।
राज्यपाल ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने नुकसान का आकलन करने के लिए अपनी टीमें भेजी हैं। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। शुक्ल ने कहा कि आगे की रिपोर्ट आने के बाद और मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भी बारिश और आपदाओं से ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। वहां भी नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। राज्यपाल ने कहा कि जगह-जगह बादल फटने की घटनाओं को देखते हुए केंद्र और प्रदेश की टीमें यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं मकानों के निर्माण में कोई त्रुटि तो नहीं रही, जिससे क्षति और अधिक बढ़ी हो।