हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को अपने दो दिवसीय हिमाचल दौरे के दौरान देहरा और नादौन में कार्यकर्ताओं व आमजन से मुलाकात कर जनसमस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने हाल ही में संपन्न चार देशों की विदेश यात्रा में भारत का पक्ष रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत की ओर से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर वैश्विक मंचों पर आवाज उठाने के लिए गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में उन्हें शामिल करना हिमाचल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि 24 मई से 5 जून तक कतर, दक्षिण अफ़्रीका, इथियोपिया और मिस्र की यात्रा के दौरान विभिन्न आधिकारिक बैठकों में भारत ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद मानवता के लिए अभिशाप है और इसे किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, "भारत अब आतंकवाद पर ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति के साथ कार्य कर रहा है। पाकिस्तान की सरकार और आतंकी संगठनों के बीच कोई अंतर नहीं रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने यह दिखा दिया कि आतंक का हर हमला अब करारा जवाब पाएगा।"
अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 30 वर्षों से पाकिस्तान आतंकवाद को पालता आ रहा है और वहां के अधिकारी, पुलिसकर्मी यहां तक कि नेता भी आतंकियों के अंतिम संस्कार में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा, "भारत एक जिम्मेदार परमाणु शक्ति है और किसी भी धमकी से डरने वाला नहीं है। हमारे लिए सबसे पहले देश का स्वाभिमान और सम्मान है।"
उन्होंने यह भी कहा कि भारत एक बहुसांस्कृतिक और बहुभाषी देश है, जो विविधता का सम्मान करता है, लेकिन हमारी सहनशीलता को कमज़ोरी समझने की भूल न की जाए। वैश्विक मंच पर भारत की एकजुटता यह दिखाती है कि हम आतंकवाद के खिलाफ हर स्तर पर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध हैं।